रुद्रपुर। मंगलवार को मुख्य बाजार में हजारीलाल पेट्रोल पंप के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार पर कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकदमे लगाने पूर्व में नगर निकाय और वर्तमान में पंचायत चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पंचायत चुनाव के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी व हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के खिलाफ नैनीताल जिला प्रशासन द्वारा मुकदमे पंजीकृत किए जाने से आग-बबूला कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रशासन पर दबाव बना कर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और पूर्व में हुए नगर निकाय चुनाव में धांधली की गई। यदि कोई इसके खिलाफ आवाज उठाता है तो उस पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। बाद में कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। यहां अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा, पूर्व ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष गुरविंदर सिंह विर्क, शराफत अली मंसूरी, गगनदीप सिंह विर्क, हारीश, बीडीसी शेखर, गगन दीप रंधावा, सचिन बजाज, साबिर, संजू हुड़िया, हरविंदर विर्क, वीशू, अमरजीत फौजी, शिवम पपनेजा, राजेश बाबा, नासिर खान, आदि लोग उपस्थित रहे।