कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जुलूस-प्रदर्शन कर पुतला फूंका

Spread the love

नई टिहरी। प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में निरंतर हो रहे घपलों और अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर नई टिहरी हनुमान चौक पर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जुलूस-प्रदर्शन करने के बाद पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की लगातार उपेक्षा कर उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। नई टिहरी जिला मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने भर्ती घपलों और अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि सीबीआई जांच न करवाने से भाजपा सरकार की मंशा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। घपलेबाजों व अंकिता के हत्यारों को बचाने का काम भाजपा कर रही है। अगर भाजपा सरकार में सब कुछ सही हो रहा है, तो धामी सरकार को सीबीआई जांच से क्यों ऐतराज है। भर्ती घपलों में भाजपा के लोग पकड़े गये हैं। अंकिता हत्याकांड में भाजपा से जुड़े लोगों के पाये गये हैं। ऐसे में भाजपा सरकार से ठोस कार्यवाही की उम्मीद नहीं की जा सकती है। जिसका परिणाम है कि भर्ती परीक्षा में घपलों पर घपले सामने आ रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार की ठोस कार्यवाही के दावों के बाद भी घपले नहीं रूके। इसी तरह अंकिता हत्याकांड को लेकर भी कार्यवाही सिफर है। युवाओं को लेकर प्रदेश सरकार का यह रवैया चिंतनीय है। इसलिए सीबीआई जांच जरूरी है। प्रदेश सरकार अगर सही तो मामलों की सीबीआई जांच करवाये। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, पूर्व प्रमुख सोबन सिंह नेगी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस सूरज, साब सिंह सजवाण, प्रदेश सचिव मुर्शरफ अली, ब्लक अध्यक्ष मान सिंह रौतेला, हिमांशु रावत, निहाल नेगी, शक्ति प्रसाद जोशी, लखवीर, वीर सिंह गुनसोला, मुर्तजा बेग आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *