कांग्रेसियों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला

Spread the love

प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर जताया रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: प्रदेश की ध्वस्त होती कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार और श्रीकोट निवासी निवासी अंकिता भंडारी की जघन्य हत्या पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन करते हुए कानून व्यवस्था नहीं सुधारने पर प्रदेश स्तरीय आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था के प्रदेश सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।
शनिवार को सदस्यों ने तहसील तिराहे में एकत्रित होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लचर होती जा रही है। महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश सरकार अपराधियों का संरक्षण कर रही है। अंकिता के साथ हुआ जघन्य अपराध इस बात का प्रमाण है। कहा कि इस घटना ने न सिर्फ मानवता को शर्मसार किया है अपितु उत्तराखंड के माहौल पर भी सवालिया निशान खड़े किए हैं। मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जानी चाहिए और दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन करने वालों में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विजय रावत, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गीता नेगी, धीरेंद्र बिष्ट, बृजपाल सिंह नेगी, हेमचंद्र पंवार, जितेंद्र भाटिया, महेंद्र पाल सिंह, हयात सिंह मेहरा, साबर सिंह नेगी, सुनीता बिष्ट,शकुंतला चौहान और विजय नारायण आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *