जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। हरिद्वार के ज्वालापुर से भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर महिला द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपो की जांच व विधायक की गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते हुए निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच करने की मांग उठाई।
रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर पौड़ी में प्रदेश भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन करते हुए जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा ने कहा कि महिला सुरक्षा की आड़ में महिलाओं के वोट लेकर सत्ता पर काबिज होनी वाली भाजपा सरकार के विधायक पर उनकी ही पार्टी की महिला नेत्री द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और भाजपा विधायक को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विधायक को गिरफ्तार करने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन करने वालों में जिला महामंत्री वीर प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुजा विभाग तामेश्वर आर्य, जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोशी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गौरव सागर, जिलाध्यक्ष अनुजा, बीरबल सिंह मंडागी, जिला महामंत्री विनोद नेगी, उपेंद्र रावत, आकाश नेगी, गौरव नेगी, गौरभ मंद्रवाल, भाष्कर बहुगुणा, देवेंद्र रावत आदि शामिल थे।