कांग्रेसियों ने किया राजभवन के गेट पर जमकर हंगामा

Spread the love

-कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा समेत कांग्रेसियों को हिरासत में लिया
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने राजभवन के गेट पर जमकर हंगामा किया। पंचायत चुनाव में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर राजभवन से समय न मिलने पर सवाल उठाए। राज्य निर्वाचन आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग की। कांग्रेसियों के विरोध के बीच पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा समेत कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। राजभवन गेट पर कांग्रेसी अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में गुरुवार दोपहर को पहुंचे। सीधे राजभवन के गेट पर पहुंच कर जमकर नारेबाजी शुरू की। कांग्रेस अध्यक्ष माहरा ने कहा कि पंचायत चुनाव में पहले ही दिन से लगातार गड़बड़ी की जा रही है। पहले नगर निगम चुनाव और पंचायत चुनाव के बीच जानबूझ कर छह महीने का अंतर बनाया गया। इस बीच निकाय चुनाव के वोटरों को पंचायत में शिफ्ट किया गया। इसके बाद निर्वाचन आयोग भी लगातार भ्रम पैदा करने वाले आदेश पर आदेश करता रहा। पूरे देश में वोटर कार्ड को लेकर एक समान व्यवस्था है। जिसमें साफ है कि एक व्यक्ति का एक ही स्थान पर वोट हो सकता है। इसके बावजूद आयोग ने भ्रम पैदा करने वाला आदेश करते हुए कहा कि दो स्थानों पर वोट होने के बावजूद नामांकन किया जा सकता है। कहा कि रिटर्निंग ऑफिसरों ने मनमाने तरीके से प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकार करने के साथ निरस्त भी किए। किसी के घर से कुछ दूरी पर शौचालय नहीं मिलने पर भी नामांकन निरस्त कर दिया गया। हाईकोर्ट ने इस पर फटकार लगाई। इन तमाम गड़बड़ियों को दूर करने को लेकर पिछले कई दिनों से राजभवन से समय मांगा जा रहा है, लेकिन कोई समय नहीं दिया गया। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को हर स्तर पर दबाया जा रहा है। इसके खिलाफ विरोध जारी रखा जाएगा। इस बीच पुलिस ने कांग्रेसियों से राजभवन गेट से हटने को कहा। इस पर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर खींचतान हुई। कांग्रेसियों ने हिरासत में लेकर पुलिस लाइन लाकर बाद में छोड़ दिया गया। विरोध जताने वालों कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना, जगदीश धीमान, अभिनव थापर आदि मौजूद रहे। — कांवड़ में अराजकता फैलाने वाले हो गिरफ्तार राजभवन गेट पर विरोध जताने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कांग्रेस भवन में मीडिया से बात करते हुए कांवड़ मेले में जमकर अराजकता हो रही है। दुकानों में तोड़फोड़, लोगों से मारपीट की जा रही है। महिलाओं से अभद्रता की जा रही है। इस अराजकता पर रोक लगाने की बजाय सत्ता पक्ष उल्टा इसके लिए विपक्ष को ही दोषी ठहरा रहा है। कहा कि सभी अराजक लोगों को गिरफ्तार किया जाए। कहा कि श्यामपुर पुलिस चौकी में दर्ज केस में साफ है कि एक हरियाणा नंबर के वाहन वाली गाड़ी में बैठे लोगों ने स्थानीय लोगों के ऊपर गोली चलाई। जिन लोगों पर ये आरोप है, वे आज भी ऋषिकेश में हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री के साथ उनकी फोटो सार्वजनिक हो चुकी हैं। — प्रतिबंध के बावजूद केदारनाथ में कैसे उड़ा हेलीकॉप्टर अध्यक्ष माहरा ने कहा कि केदारनाथ में हेली सेवा प्रतिबंधित है। इसके बावजूद बीकेटीसी अध्यक्ष कैसे कुछ वीआईपी लोगों के साथ हेली सेवा से केदारनाथ पहुंचे। कैसे डीजीसीए और उकाडा से मंजूरी मिली। इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *