श्रीनगर गढ़वाल : शहर कांग्रेस कमेटी श्रीनगर ने बढ़ती महंगाई, अंकिता भंडारी हत्याकांड, मणिपुर हिंसा के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन कर नारेबाजी की। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त होने के मामले में भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल के नेतृत्व में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन व पुतला दहन किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आज जनता त्रस्त है। कहा अंकिता भंडारी हत्याकांड पर अभी तक कोई फैसला नहीं आ पाया है। अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। आरोप लगाया कि भाजपा हत्यारों को बचाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जब से देश एवं प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। भाजपा सरकार को गरीब जनता एवं मजदूरों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में हो रही हिंसा पर सरकार खामोश बैठी हुई है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पीसीसी सदस्य विरेंद्र सिंह नेगी, मोहन गायत्री, संजय कुमार, परवेज अहमद, शमीम अहमद, विनोद मैठाणी, शिव लाल, रजनी देवी, भगत डागर, अमित धनाई, वाईएस पंवार, सुधा तिवारी, सुमन आनंद, चंद्र सिंह नेगी, मनोज कुमार, अरुण नेगी, जामिन अंसारी सहित आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)