देहरादून(। विजय कालोनी वार्ड 11 में नालियों की गंदगी, टूटी सड़कों और खराब स्ट्रीट लाइटों के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जल्द समस्याओं का समाधान ना होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी है। दोपहर में विजय कालोनी के स्थानीय लोग और कांग्रेसी कार्यकर्ता आसंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व दर्जाधारी सुशील राठी के नेतृत्व में नगर निगम में जमा हुए। इसके बाद उन्होंने वहां प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विजय कालोनी में टूटी हुई सड़क ,गंदी नाली और रोड लाइट खराब होने के आरोप लगाए। कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी व्यवस्थाएं नहीं सुधर रही हैं। अपर नगर आयुक्त प्रवीण कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि वार्ड में टूटी-फूटी और बदहाल सड़कों की मरम्मत तत्काल हो। वहीं स्पीड ब्रेकरों का तत्काल निर्माण कराया जाए। आपदा के कारण बस्तियों किनारे टूटे पुस्ते और सड़कों का तत्काल निर्माण कराया जाए। ये भी मांग की कि वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए और विद्युत पोलों पर लगी खराब लाइटें बदली जाए।इस दौरान कांग्रेस पार्टी की पार्षद प्रत्याशी रही मोनिका राजोरिया, पूर्व नामित पार्षद विकास चौहान,कांग्रेस के महासचिव नितेश राजोरिया,वार्ड के महामंत्री सचिन चौहान, महिला वार्ड अध्यक्ष सुनैना देवी एवं राज्य आंदोलनकारी रविंद्र प्रधान एवं रमेश राठौड़ सहित कई लोग मौजूद रहे।