शहादत दिवस पर कांग्रेसियों ने किया बापू को याद

Spread the love

नई टिहरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को 75वें शहादत दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेसजनों ने याद किया। इस मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्घांजलि भी दी गई। श्रद्घांजलि कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी वैश्विक व राष्ट्रीय स्तर पर रंगभेद, नस्लभेद व असमानता के विरुद्घ जन-जन की ध्वनि थे। सत्य और अहिंसा के पुजारी के रूप में दुनिया उन्हें जानती थी। हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर उन्हें नमन करते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश की आजादी में अहम योगदान देते हुए 1947 में भारत की आजादी तक स्वतंत्रता के आंदोलन को अपने मुकाम पर पहुंचाया। इससे पहले 1920 में असहयोग आंदोलन और 1930 में दांडी मार्च यात्रा करके विश्व जगत में भारत का नाम रोशन किया। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट और शहर अध्यक्ष देवेंद्र नौटियाल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपने जीवन की यात्रा गुजरात के पोरबंदर नामक स्थान से शुरू करते हुए देश-विदेशों में अहिंसा का पैगाम दिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सामाजिक, राजनीतिक व आध्यात्मिक नेता के रूप में देश-विदेशों में जाने गए। इस मौके पर कांग्रेस के प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, शहर कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र नौटियाल, प्रदेश कांग्रेस के सचिव कुलदीप सिंह पवार, जिला उपाध्यक्ष मुर्तजा बेग, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संदीप कुमार, एनएसयूआई के हिमांशु रावत, गिरवीर सिंह रावत, मधुसूदन पंवार, नैन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *