अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित कांग्रेसियों ने शनिवार को कोटद्वार पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को काले झंडे दिखाए। कहा कि प्रदेश में बेटियों के साथ अत्याचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द वीआईपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक लेने कोटद्वार पहुंचे थे। जैसे ही वह डिफेंस कालोनी के समीप पहुंचे कांग्रेसियों ने उनके काफिले को रोककर उन्हें काले झंडे दिखाना शुरु कर दिया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को हटाया। इसके उपरांत युवा कांग्रेस ने बुद्धा पार्क के समीप महेंद्र भट्ट के काफीले को काले झंडे दिखाए। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण ने कहा कि भाजपा अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने में विफल साबित हो रही है। सोशल मीडिया पर एक महिला का बयान जारी हो रहा है। जिसमें वह कई लोगों के नाम उजागर कर रही है। कहा कि वह सभी लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं। ऐसे में सरकार उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी व प्रदेश सरकार मामले की सीबीआई जांच करवाने से बच रही है। कहा कि पहाड़ की बेटी को न्याय दिलवाने के लिए कांग्रेस संघर्ष करती रहेगी। जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर सुधा असवाल, रश्मि पटवाल, सुनील दत्त सेमवाल, राकेश शर्मा, रूपेंद्र सिंह नेगी, राजा आर्य, अमित राज सिंह, विनीता भारती मौजूद रहे। वहीं, बुद्धा पार्क के समीप भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विजय रावत के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को काले झंडे दिखाए। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु बहुखंडी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल, अभिषेक अग्रवाल, मनीष चातुरी आदि मौजूद रहे।