चमोली(। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद चमोली कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गैरसैंण नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। रैली का नेतृत्व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की भावनाओं के विपरीत देहरादून में राज्य स्थापना का जश्न मनाने का निर्णय लिया है, जबकि गैरसैंण राज्य आंदोलन की भावना का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि इसी कारण कांग्रेस ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में राज्य आंदोलनकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम आयोजित किया। हालांकि, कुछ चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों ने इस कार्यक्रम से दूरी बनाई। इसके बावजूद रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी ने पार्टी के पंचायत प्रतिनिधियों, नगर पंचायत अध्यक्षों और प्रमुखों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल, विधायक लखपत बुटोला, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, पूर्व विधायक मनोज रावत, जिला अध्यक्ष मुकेश नेगी, प्रभारी प्रदीप थपलियाल, राज्य आंदोलनकारी हरिकृष्ण भट्ट, हरेन्द्र कंडारी, दान सिंह नेगी, सुरेन्द्र बिष्ट, कमल रतूड़ी, ईश्वरी मैखुरी, पूर्व प्रमुख सुमति बिष्ट और मीना देवी सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।