देहरादून। कांग्रेस ने देहरादून में बस्तियों के हक को लेकर यमुना कॉलोनी चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए। उन्होंने बस्तियों को उजाड़ने का विरोध किया। साथ ही पुनर्वास नहीं देने और गरीब लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक नहीं दिए जाने पर सरकार का पुतला भी फूंका। बस्तियों के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार आक्रामक होती जा रही है। सोमवार को भी चकराता रोड स्थित यमुना कॉलोनी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बस्तियों के हक के लिए पार्टी हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस के मलिन बस्ती प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि भाजपा ने 2022 के अपने घोषणा पत्र में और मुख्यमंत्री और मेयर ने नगर निकाय के चुनाव में बार-बार यह घोषणा की थी कि किसी भी बस्ती का एक भी घर नहीं तोड़ा जाएगा, लेकिन आज इन्हीं बस्तियों को तोड़ने के लिए निशान लगवाए जा रहे हैं। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी रहे विरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि कांग्रेस ने बस्तियों को बसाने का काम किया है, लेकिन भाजपा उन्हें तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक उनके पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की जाती, कांग्रेस इस लड़ाई को लड़ती रहेगी। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि गरीब बस्ती वासियों को उजड़ने से रोकने के लिए संघर्ष का हर कदम उठाया जाएगा। युवा नेता रितेश छेत्री ने कहा कि देहरादून और बस्तियों के युवा, बस्तियों को बचाने के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे। इस मौके पर पंकज क्षेत्री, अभिनव थापर, सुमित्रा ध्यानी, रिपूदमन सिंह, संजय थापा, चरणजीत कौशल, धर्म सोनकर, सुनील जायसवाल, सुरेंद्र गोयल, चंद्र मोहन काला, टीटू त्यागी, दीप वोहरा, मुकेश चौहान, जगदीश धीमान, मोहन जोशी, महेश बघेल, कुलदीप जखमोला, संजय काला, अल्ताफ ,पीयूष जोशी, मोनी मेहता, गौतम सोनकर, मुकेश शर्मा, विनीत सिंह, सुरेंद्र सैनी ,कैलाश वाल्मीकि, आशीष देसाई, रघु गुप्ता, सुरेंद्र तोमर, राजीव प्रजापति, नरेश गांधी, संजय बिरला समेत अन्य मौजूद रहे।