– भाजपा पर लगाया आपदा, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, कानून व्यवस्था और पंचायत चुनावों में धांधली का आरोप
देहरादून()। प्रदेश कांग्रेस ने अध्यक्ष करन माहरा की अगुवाई में आपदा, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, कानून व्यवस्था और पंचायत चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए राजभवन कूच किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर कूच को आगे जाने से रोक दिया। गुस्साए कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर ही नारेबाजी करने लगे, जबकि कुछ नेता वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्कामुक्की और तीखी झड़प हुई। करीब घंटेभर बाद पुलिस कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई, जहां दोपहर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे ही कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में जुटने लगे थे। यहां हुई सभा में तमाम नेताओं ने भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनाया और बर्खास्तगी की मांग की। इसके बाद अध्यक्ष करन माहरा की अगुवाई में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, विधायक फुरकान अहमद , हरीश धामी, ममता राकेश, भुवन कापड़ी, लखपत बुटोला, वीरेंद्र जाती, सुमित हृदयेश, रवि बहादुर आदि नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय से जुलूस की शक्ल में राजभवन की ओर कूच किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम प्रदेश सरकार की बर्खास्तगी की मांग करते हुए नारेबाजी के साथ आगे बढ़ा। हाथीबड़कला में पुलिस बैरियर पर जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम पहुंचा तो वहां पहले से तैनात भरी पुलिस बल ने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिस पर कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा समेत कई नेता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए और कुछ सड़क पर धरने में बैठ गए। अध्यक्ष माहरा ने राज्य की सरकार को हर मोर्चे पर पर असफल बताते हुए ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था पर सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों की बाढ़ आई हुई है। अफसोसनाक बात यह है कि अधिकांश मामलों में भाजपा सरकार व पार्टी के दायित्वधारियों, पदाधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में राज्य निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर सरकार व पार्टी ने वोटों की डकैती की है। आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने राज्यपाल से प्रदेश की भाजपा सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था व रोजगार जैसे सभी मुद्दों पर फिसड्डी साबित हुई है। वहीं, पूर्व सीएलपी प्रीतम सिंह ने कहा कि अब कांग्रेस आरपार की लड़ाई लड़ेगी। रैली का संचालन उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने किया। ये रहे मौजूद पूर्व विधायक जोत सिंह गुंसोला, हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सिंह सजवान, प्रेमानंद महाजन, राजकुमार, कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह, महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा अध्यक्ष विकास नेगी, मदन लाल, हेमा पुरोहित, विकास नेगी, दिनेश कौशल, प्रदीप जोशी, नवीन जोशी, पूर्ण सिंह रावत, नीनू सहगल, सुनील जायसवाल, सुलेमान अंसारी, सुंदर लाल मुयाल, लाल चंद शर्मा, मोहित उनियाल, राजेंद्र चौधरी, राजीव चौधरी, गरिमा माहरा दसौनी, प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल आदि मौजूद रहे।