बनने लगी सुरक्षा दीवार, बरसात में बाढ़ से मिलेगी सुरक्षा

Spread the love

आठ करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही बाढ़ सुरक्षा दीवार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सनेह क्षेत्र के अंतर्गत रतनपुर में खोह नदी के तट पर बसे परिवारों को बाढ़ से सुरक्षा उपलब्ध करवाने का कार्य शुरू हो गया है। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से इस क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। पूर्व में सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण काश्तकारों की भूमि लगातार खोह नदी की भेंट चढ़ रही थी।
सनेह क्षेत्र के अंतर्गत रतनपुर से कुंभीचौड़ के मध्य कई परिवार खोह नदी के तट पर बसे हुए हैं। यही नहीं, नदी के तट पर काश्तकारों की कई बीघा खेती भूमि भी है। ऐसे में बरसात के समय नदी उफान पर आने से काश्तकारों की भूमि पर कटाव हो रहा था। हर वर्ष काश्तकारों की भूमि का हिस्सा नदी की भेंट चढ़ रही थी। पूरे वेग में बहने वाली नदी से आवासीय भवनों पर भी खतरा मंडराने लगा था। बरसात के दौरान परिवारों को अब अधिक नुकसान न हो, इसके लिए सिंचाई विभाग ने नदी के किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। इससे काफी हद तक परिवारों की भूमि का बचाव होगा। साथ ही उनके आवासीय भवनों की भी सुरक्षा होगी। कुंभीचौड़ निवासी मीना देवी, बबीता देवी ने बताया कि वह पिछले लंबे समय से खोह नदी के तट पर सुरक्षा दीवार निर्माण करवाने की मांग उठा रहे थे। लेकिन, उन्हें इस बात की संतुष्टि है आखिरकार विभाग की नींद टूट गई। उन्होंने सिंचाई विभाग से जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य पूरा करने की भी मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *