जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर मंगलवार को शहर के बैंकों में हड़ताल रही। बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की। इस दौरान बैंक की हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यूनाइटेड फारम आप बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर हड़ताल की गई। इस दौरान यूएफबीयू के नगर संयोजक धर्मपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सभी बैंक कर्मी पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के निकट एकत्रित हुए, जहां पर बैंक कर्मियों ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2023 में इंडियन बैंक एसोसिएशन के के पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर द्विपक्षीय समझौता हुआ था, जिसे स्वीकृति के लिए वित्त मंत्रालय के पास भेज दिया गया था। लेकिन मामला अभी भी लंबित पड़ा हुआ है। कहा कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर बैंक कर्मी लगातार मांग कर रहे है, लेकिन बैंक कर्मियों की मांग को अनसुना किया जा रहा है। जिससे बैंक कर्मियों में केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। बैंकों कर्मियों की हड़ताल के चलते क्षेत्र के पूरे बैंकों में ताले लटके रहे। बैंकों के बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस मौके पर बीरेंद्र सिंह रावत, हरजीत सिंह, रमेश नेगी, भीम प्रसाद, सिद्धार्थ कोटनाला, सुरेंद्र सिंह रावत, राहुल नेगी, मुन्नी देवी, अनूप रावत, नीलम सिंह राणा, विक्रम सिंह, सुनील कुमार, नरेंद्र सिंह, प्रेम सिंह रावत, रोहित वर्मा आदि मौजूद रहे।