रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र स्थित पार्किंग में एक कंटेनर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चालक के गले पर निशान मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय दर्शन सिंह पुत्र स्व. दयाल सिंह अपनी पत्नी ललिता और दो बच्चों के साथ भूरा बयाना तहसील टनकपुर, जिला चम्पावत में रहते थे। वह एक कूरियर सर्विस सेंटर में चालक के रूप में कार्यरत थे। शनिवार रात करीब 11:30 बजे वह कंटेनर लेकर पिथौरागढ़ के सूखीढांग से कालीनगर, दिनेशपुर स्थित एक कूरियर कंपनी पहुंचे। इसके बाद वाहन को सिडकुल स्थित पार्किंग स्थल पर खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि रात करीब सवा 12 बजे भोजन करने के बाद वह चालक सीट पर ही सो गए। रविवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर पार्किंग मुंशी कुंदन सिंह रावत ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के गले पर निशान पाए गए हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।