देश-विदेश

क्लस्टर बसों के 350 कर्मचारियों का कॉन्ट्रैक्ट खत्म, 19 जून को समाप्त होंगी सेवाएं

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई दिल्ली । दिल्ली में डीटीसी की क्लस्टर बसों के संचालन की मॉनीटरिंग करने वाली कंपनी दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम (डिम्ट्स) ने 350 कर्मचारियों का अनुबंध खत्म कर दिया है। 10 साल से कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों को नोटिस के माध्यम से उनकी सेवाएं 19 जून को समाप्त करने की जानकारी दी गई। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों ने राजघाट डिपो में एकत्र होकर विरोध जताया। उन्होंने दिल्ली सरकार और डिम्ट्स के अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। इस आदेश के खिलाफ वह कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। क्लस्टर कर्मचारी विकास सिंह ने बताया कि उनकी नियुक्ति डिम्ट्स ने 2013 में की थी। उनके अलावा करीब 350 कर्मचारी भी 10 साल से इस कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी कर्मचारी कार्यालय में काम कर रहे हैं। अब कंपनी ने उन्हें नोटिस थमा दिया और 19 जून को सेवा से निकाले जाने की सूचना दी गई है। उनका कहना है कि चुनाव आचार संहिता के दौरान कंपनी ने कर्मचारियों को इसलिए निकालने का नोटिस जारी कर दिया, ताकि सरकार भी इसमें हस्तक्षेप न कर सके। उन्होंने कहा कि पूर्व में दिल्ली सरकार ने इन कर्मचारियों को नियमित किए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब उन्हें नौकरी से बाहर किया जा रहा है। ऐसे में 350 कर्मचारियों के परिवारों के सामने जीवन यापन करने का संकट खड़ा हो गया है।
चुनाव में जवाब देने की चेतावनी : डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के अध्यक्ष ललित चौधरी और महामंत्री मनोज शर्मा ने डिम्ट्स कंपनी के इस निर्णय का विरोध किया है। उनका कहना है कि कर्मचारियों के साथ सरकार ने धोखा किया है। इस धोखे का जवाब दिल्ली के कांट्रेक्ट कर्मचारी वोट के माध्यम से देंगे। अपना हक लेने के लिए कर्मचारी न्यायालय का रुख करेंगे। डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन सभी कर्मचारीयों को लेकर सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।
शर्तों के अनुसार नोटिस दिया गया डिम्ट्स
डिम्ट्स के अधिकारियों का कहना है कि उनके पास क्लस्टर संख्या दो से लेकर नौ तक का अनुबंध था। यह10 साल की अवधि के लिए था। अनुबंध की शर्तों के अनुसार नोटिस दिया गया था। अगर कंपनी के पास क्लस्टर की मॉनीटिरंग का काम ही नहीं रहेगा तो वह कर्मचारियों से न तो काम ले सकते हैं और न ही वेतन दे सकते हैं। कर्मचारियों को नौकरी से निकाला नहीं है। डिम्ट्स कंपनी को हरियाणा में काम मिला है, इसके आधार पर कर्मचारियों को विकल्प दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!