कर्णप्रयाग नपा में ठेकेदारों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

चमोली। भुगतान न होने के चलते गुस्साए नगर पालिका में पंजीकृत ठेकेदारों ने पालिका कार्यालय परिसर में सांकेतिक धरना देकर प्रदर्शन किया। नाराज ठेकेदारों ने कहा कि लंबे समय से विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते ठेकेदार आर्थिक नुकसान उठाने को मजबूर है। इस अवसर पर ठेकेदार संघ कार्यकारिणी का गठन भी कर दिया गया। जिसमें सुखदेव चौहान को संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे ठेकेदारों ने कहा कि विकास कार्यों के एवज में जमा ठेकेदारों की जमानत राशि पिछले छह साल से पालिका ने निर्गत नहीं की है। यही नहीं लंबे समय से पालिका की भुगतान प्रणाली लचर बनी है। ठेकेदारों से काम कराया जा रहा है लेकिन काम का भुगतान कब होगा यह पालिका नहीं बता पा रही है। अधिकारियों से लगातार वार्ता के बाद भी समस्या का हल नहीं हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 19 अगस्त को नगर पालिका द्वारा मामले में सकारात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था। लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदारों ने कहा जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 10 सितंबर से कार्यालय में तालाबंदी सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर संघ का गठन करते हुए राजेश जोशी को सचिव, विजय खंडूड़ी को सहसचिव, पंकज कुमार को प्रवक्ता, अनिल नैनवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान पुष्कर सिंह रावत, आशीष थपलियाल, प्रमोद नौटियाल, रतीश मोहन डिमरी, गिरीश डिमरी, दिनेश मैखुरी, गजेंद्र सिंह, अनूप थपलियाल, बलवीर चौहान, समीर मिश्रा, गिरीश पुरोहित, कमलेश गैरोला, विकी गुसाईं, एलपी जोशी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *