शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

Spread the love

विकासखंड थलीसैंण में किया गया शहीद सम्मान यात्रा का आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। विकासखंड थलीसैंण में शहीद सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीद के परिजनों को ताम्रपत्र व शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को सदैव याद रखने का संकल्प लिया।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय देवी व पूर्व सैनिकों ने पवित्र मिट्टी कलश के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर(से.नि.) करण सिंह ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा पूरे प्रदेश में चल रही है उसका समापन 7 दिसंबर को देहरादून में किया जाएगा। प्रदेश के शहीदों के आंगन की पवित्र मिट्टी को एकत्रित कर देहरादून मे पांचवां धाम सैन्य धाम बनाया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के सभी शहीद सैनिकों के नाम अंकित किये जाएंगें। कहा कि जनपद में कुल 151 कलशों में शहीदों के आंगन की पवित्र मिट्टी लायी गयी है, जिससे देहरादून में बनने जा रहा सैन्य धाम में सम्मलित किया जाएगा। सैनिक एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे देश का है, जिससे उनका सम्मान करना जरूरी है। राज्य सरकार ने फैसला लिया था कि सैन्य धाम में पूरे प्रदेश में शहीद हुए सैनिकों के आंगन से मिट्टी लायी जाएगी। इसी शहीद सम्मान यात्रा के तहत पूरे प्रदेश भर में शहीद यात्रा की जा रही है। उत्तराखंड राज्य में हर घर से सैनिक है। कहा कि यहां उपस्थित वीरांगनाएं जिन्होंने अपने पति, बेटों को खोया है, आज निश्चित रूप से खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही होंगी। आयोजित शहीद सम्मान यात्रा में विकासखण्ड थलीसैंण व पाबौ क्षेत्रान्तर्गत हुए शहीद के परिजनों को सम्मानित किया गया, तथा वहां जो उपस्थित नहीं हो पाए उन्हें उनके घर मे जाकर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, पूर्व कैप्टन एमएम पंत, जगदीश सिंह, सूबेदार मोहन लाल, विक्रम सिंह सहित शहीद के परिजन व अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *