द हंड्रेड: पाकिस्तान के अबरार अहमद को काव्या मारन की सनराइजर्स लीड्स ने खरीदा, विवाद शुरू

Spread the love

नईदिल्ली,इंग्लैंड में खेले जाने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट द हंड्रेड में काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स ने नीलामी में पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया है। इससे पहले दुनिया की बड़ी टी-20 लीगों में भारतीय टीम मालिक पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में लेने से बचते रहे हैं। अब अबरार को सनराइजर्स ने 1.90 लाख पाउंड (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा है जिससे भारतीय फैंस नाराजगी जता रहे हैं। सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस सनराइजर्स ग्रुप और काव्या के खिलाफ अपना गुस्सा व्यक्त कर रहे हैं। अबरार की बात करें तो वे हाल ही में हुए टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा रहे थे। उन्होंने 4 मैचों में 6 विकेट लिए थे। द हंड्रेड में वह पहली बार यूरोप में कोई लीग खेलेंगे। वह इससे पहले पाकिस्तान सुपर लीग, बांग्लादेश प्रीमियर लीग और मेजर लीग क्रिकेट का हिस्सा रह चुके हैं।
सनराइजर्स लीड्स पूरी तरह भारत के मीडिया समूह सन ग्रुप के स्वामित्व में है, जिसका नेतृत्व कलानिधि मारन और उनकी बेटी काव्या करती हैं। इस फ्रेंचाइजी का पहले नाम नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स था, जिसे इस साल भारतीय कंपनी ने अपने नियंत्रण में ले लिया। द हंड्रेड में भारतीय कंपनियों के टीम खरीदने के बाद यह चर्चा तेज थी कि नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शायद मौका नहीं मिलेगा, जैसा कि आईपीएल और एसए-20 लीग में देखने को मिलता है।
नीलामी में पाकिस्तान के 13 खिलाड़ियों को शामिल किया जाना था, लेकिन 24 घंटे पहले शाहीन शाह अफरीदी ने अपना नाम वापस ले लिया। हारिस रऊफ, सैम अयूब और शादाब खान को कोई खरीदार नहीं मिला। अबरार के अलावा उस्मान तारिक को टीम मिल गई। उस्मान को बर्मिंघम फीनिक्स ने खरीदा, जो वार्विकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब और अमेरिकी निवेश कंपनी नाइटहेड कैपिटल मैनेजमेंट के संयुक्त स्वामित्व में है। वहीं, महिला नीलामी में किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *