बेहतर कोटद्वार निर्माण में व्यापारियों का सहयोग जरूरी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कोटद्वार को बेहतर शहर बनाने के लिए व्यापारियों का सहयोग जरूरी है। नगर निगम की ओर से व्यापारियों के हितों के साथ ही जनता के हित के लिए भी योजनाएं तैयारी की जा रही हैं। कहा कि जल्द ही योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने रेहड़ी-ठेली वालों के लिए भी स्थाई व्यवस्था करने की बात कही। कहा कि इससे जाम की स्थिति में सुधार होगा।
शनिवार शाम महापौर शैलेंद्र रावत ने नगर निगम प्रेक्षागृह में व्यापारियों के साथ बैठक की। इससे पूर्व व्यापारियों ने महापौर को समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने नगर निगम की ओर से ट्रेड शुल्क लिए जाने का विरोध किया। कहा कि जब व्यापारी जीएसटी सहित समस्त प्रकार के टैक्सों का भुगतान कर रहे तो ट्रेड लाइसेंस शुल्क के नाम पर नगर निगम व्यापारियों को नोटिस भेज रहा है। कहा कि हाउस टैक्स की भी दोबारा से समीक्षा की जानी चाहिए। अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए व्यापारियों ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर भी सिर्फ व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। जबकि कोटद्वार के 80 प्रतिशत जमीन पर अतिक्रमण पसरा हुआ है। कहा कि वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र में सब्जी मंडी की कोई व्यवस्था नहीं है। व्यापारियों ने गोखले मार्ग पर ही स्थाई रूप से सब्जी मंडी बनाए जाने की मांग की है। कहा कि रेहड़ी, फड, ठेली लगाने के लिए गोखले मार्ग पर जगह को चिन्हित किया जाय, चिन्हित लोगों को ही वहां पर व्यापार करने दिया जाए, जिनके लिए बकायदा पहचान पत्र निर्गत किए जाए। ठेली, रेहड़ी का नया पंजीकरण न किया जाए। व्यापारियों ने कहा कि कूड़ा वाहन के समय में भी बदलाव किया जाय, ताकि व्यापारी दुकान करने से पहले ही कूड़ा वाहन में कूड़ा डाल सके। व्यापारियों ने रिफ्यूजी कालोनी में पार्किग कांपलेक्स के नाम पर कालोनी वासियों को परेशान करने का भी सुझाव रखा। व्यापारियों ने कहा कि जिन व्यापारियों की दुकानें सिंचाई विभाग की नहर के ऊपर बनी है, उन्हें स्थाई रूप से किराएदार बना दिया जाए। व्यापारियों ने निराश्रित गोवंश की स्थाई समाधान किए जाने का भी मुद्दा उठाया। इसके अलावा शहर में पार्किंग व्यवस्था बनाने, महिलाओं के लिए शौचालयों का निर्माण करवाए जाने, गर्मी के मौसम में पीने के पानी की उचित व्यवस्था किए जाने, बाजार में नियमित सफाई करवाने, बाजार से हटाए गए अतिक्रमण के स्थान पर फुटपाथ व नाली का बनाए जाने, कूड़ा कलेक्शन प्वाइंटों को शहर के मुख्यमार्गांे से हटाए जाने की मांग की है। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, युवा व्यापार संघ के अध्यक्ष कुंज अग्रवाल, सेवक राम मानूजा, लाजपत राय भाटिया, उमेश त्रिपाठी, राकेश मित्तल, विपिन डोबरियाल, राकेश अग्रवाल, संजय मित्तल, विनय भाटिया, योगेश अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, नवीन गोयल, सुबोध कर्णवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *