तनाव से दूर हुए पुलिस और पत्रकार, अंताक्षरी के साथ किया सामूहिक भोजन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। रोज-रोज पुलिस और पत्रकारों के बीच सवाल जवाबों की जिन्दगी से अलग हटकर आज मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल की अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने एक नया माहौल तैयार किया। अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने पत्रकारों को भोजन पर आमंत्रित किया, जिस पर पत्रकार पशोपेश में थे कि कोटद्वार में पुलिस द्वारा पत्रकारों को भोजन पर आमंत्रित करने की क्या वजह हो सकती है।
एक रेस्टोरेंट में मौजूद पत्रकारों के बीच जब अपर पुलिस अधीक्षक पंहुची तो उनसे पत्रकारों ने सबसे पहले यही पूछा कि इसकी क्या वजह है। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने पत्रकारों को अचंभित करते हुए कहा कि रोज-रोज पत्रकार पुलिस से सवाल करते हैं और पुलिस पत्रकारों के सवालों का जवाब देती है जो कि दोनों के लिए एक औपचारिक जीवन बन जाता है। आज केवल पुलिस और पत्रकार इस औपचारिक जीवन से अलग हटकर कुछ पल आपस में मनोरंजन के साथ बितायेंगे। जिसके लिए उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पुलिस और पत्रकार मनोरंजन के लिए गीत संगीत वाद प्रतियोगिता करेंगे। इसके बाद पुलिस बनाम पत्रकारों के बीच गीत और संगीत पर आधारित अंताक्षरी का दौर चला। इस दौर में पत्रकारों के गीतों का जवाब देने में जब पुलिस के अन्य अधिकारी बेबस दिखाई दिये तो अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने खुद गीत का टाइटल दिया। अंताक्षरी का संचालन पुलिस कार्यालय में कार्यरत उपनिरीक्षक सुमन लता ने किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी के अलावा कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट, टै्रफिक इंस्पेक्टर शिव कुमार, साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सिंह, एसएसआई प्रदीप नेगी, उपनिरीक्षक रफत अली, सतेंद्र भंडारी, मनोज रावत सहित पत्रकारों की ओर से चन्द्रमोहन शुक्ला, नागेन्द्र उनियाल, नरेश थपलियाल, बिमल ध्यानी, राजेन्द्र शिवाली, अंजना गोयल, दीपक सुयाल, अवनीश अग्निहोत्री आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *