उत्तराखण्ड़ में तेजी से घट रहा कोरोना ग्राफ

Spread the love

-प्रदेश में 589 तो राजधानी दून में 136 कोरोना केस
देहरादून। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या में तेज गिरावट दर्ज की गई और दो माह बाद सबसे कम मरीज मिले हैं। गुरुवार को राज्य में 589 नए मरीज मिले जबकि इससे पहले चार अप्रैल को इससे कम 550 मरीज मिले थे। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को राजधानी देहरादून में महज 136 नए मरीज मिले। जबकि चम्पावत में 550 सैंपलों की जांच के बाद महज दो मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में गुरुवार को 31 मरीजों की मौत हुई है। यह आंकड़ा बुधवार के मुकाबले एक अधिक है। सबसे अधिक छह मरीजों की मौत एम्स ऋषिकेश में हुई है। इसके अलावा भी अन्य अस्पतालों में मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही राज्य में कुल मरने वालों का आंकड़ा 6573 हो गई है। गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों की ओर से सात मरीजों की मौत के बैकलॉग आंकड़े सरकार को भेजे गए। राज्य में कुल मरीजों की संख्या तीन लाख 32 हजार, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या दो लाख 97 हजार, जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 22 हजार रह गई है। गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों से ठीक होने के बाद 3554 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
ब्लैक फंगस से आठ मरीजों की मौत: गुरुवार को ब्लैक फंगस के आठ मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में अभी तक इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या 35 हो गई है। राज्य में अभी तक ब्लैक फंगस के मरीजों की कुल संख्या 255 हो गई है। इस बीमारी का संक्रमण होने के बाद राज्य में अभी तक महज 16 लोग ठीक हुए हैं। जबकि इसके दोगुना मरीजों की मौत हुई है। एम्स ऋषिकेश में सबसे अधिक 156 मरीज भर्ती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *