कोरोना संक्रमित महिला की मौत,परिजनों ने किया हंगामा

Spread the love

हरिद्वार। दूधाधारी बाबा बर्फानी कोविड केयर सेंटर में रविवार सुबह हुई कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। करीब दो घंटे हंगामे के बाद पहुंचे स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने मामला शांत कराया। हरिद्वार के कांग्रेस नेता ने शनिवार को अपनी 60 वर्षीय कोविड संक्रमित माता को दूधाधारी बाबा बर्फानी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया था, उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम आ रहा था। रात 2 बजे वे अपनी माता से मिलकर आये थे उस समय वह आराम से बात कर रही थीं। रविवार सुबह भी उन्होंने अपनी मां से फोन पर बात की थी। उन्होंने बेटे को घर ले जाने की बात कही थी जिसपर बेटा करीब साढ़े छह बजे अस्पताल पहुंच गया लेकिन 7 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर सुन बेटे ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। न साफ सफाई है और न ही अस्पताल में स्टाफ ही किसी मरीज की सुनने को तैयार है। हंगामे की सूचना पर पुलिस के साथ स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया, लेकिन गुस्साए परिजनों का हंगामा करीब दो घंटे तक जारी रहा। बाद में पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ जिसके बाद परिजनों ने शव को कोविड नियमों के तहत अंतिम संस्कार किया। मौके पर सीएमओ डॉ एसके झा, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह सहित कई कांग्रेसी नेता मौके पर पहुंचे थे।
सीएमओ ने बताया कि महिला की हालत काफी गंभीर थी। शनिवार को जब उन्हें सेंटर लाया गया तब ही उन्हें उनकी गंभीर हालत के बारे में बता दिया गया था। महिला का ऑक्सीजन लेवल 50 से ऊपर नहीं बढ़ रहा था। रविवार सुबह उनकी मृत्यु हो गयी। उनका कहना है कि सीमित स्टाफ होने के बावजूद स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यदि ऐसे हंगामे होते रहे तो सेंटर को बंद करने की नौबत आ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *