कोरोना का कहर : 24 घंटों में देश में 501 मरीजों की मौत

Spread the love

-अचानक बढ़ी मृतकों की संख्या ने बढ़ाई सरकार की चिंता
– पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 12,516 मामले आए सामने
नई दिल्ली : देश पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से कोरोना महामारी से जूझ रहा है। दूसरी लहर में तबाही मचाने के बाद देश में कोविड-19 के मामलों में लगातार कमी आई है, लेकिन पिछले 24 घंटों में सामने आए आंकड़े डराने वाले हैं। दरअसल, पिछले एक दिन में कोरोना से देश में 501 मरीजों की जान चली गई। ऐसे में भले ही कोरोना के मामले कम हो रहे हों, लेकिन लोगों को पूरी तरह से सतर्क रहने की जरूरत है. मृतकों की संख्या ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है. साथ ही गुजरात में भी केस बढ़ने लगे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 12,516 मामले सामने आए, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,44,14,186 हो गई। इसके अलावा, एक्टिव केस कम होकर 1,37,416 पर आ गई है, जोकि 267 दिनों में सबसे कम हैं।
सरकार द्वारा जारी आंकड़ों में कहा गया है कि महामारी की वजह से पिछले 24 घंटों में 501 लोगों की जान चली गई। मृतकों की कुल संख्या अब तक 4,62,690 हो चुकी है। यह लगातार 35वां दिन है, जब कोरोना के रोजाना मामले 20 हजार से कम आ रहे हैं. मालूम हो कि मार्च, अप्रैल और मई महीने में कोरोना की दूसरी लहर में काफी तबाही मची थी, जिसमें रोजाना चार लाख से अधिक तक मामले सामने आए थे।
वहीं, गुजरात में कोरोना के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिवाली में लोगों की लापरवाही और बाजारों में उमड़ी भीड़ का असर दिखने लगा है। एक दिन में गुजरात में 42 नए मामले दर्ज हुए हैं, इसके बाद अब अहमदाबाद म्युनिसिपल कोर्पोरेशन के जरिये कोविड टेस्टिंग शुरू की गई है। पूरे गुजरात में जहां मामले सिर्फ दिन के 10 से भी कम हो गये थे. वहीं, अब ये मामले बढ़ने लगे हैं।

कोरोना के बीच अब एक नए वायरस ने दी दस्तक
-केरल में आया नोरोवायरस का मामला, स्वास्थ्य मंत्री ने सतर्क रहने की अपील की
तिरुवनंतपुरम, एएनआइ : केरल में कोरोना महामारी के बीच अब एक नए वायरस ने दस्तक दे दी है। वायनाड जिले में नोरोवायरस का मामला सामने आया है। दूषित पानी और भोजन के माध्यम से फैलने वाली इस पशु जनित बीमारी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री वीना जार्ज ने आमजन से सतर्क रहने को कहा है। साथ ही इससे बचाव को दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री ने बीमारी से बचाव को लेकर गतिविधियों को तेज करने और इसके बारे में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में एक आदेश जारी कर लोगों से सतर्क रहने को कहा है। केरल के स्वास्थ्य विभाग ने जार्ज की अध्यक्षता में एक बैठक में वायनाड में स्थिति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। सुपर क्लोरीनेशन सहित अन्य गतिविधियां चल रही हैं। पानी पीने के स्रोतों को स्वच्छ रखने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *