गुरुवार दोपहर नगर निगम की टीम ने शहर में चलाया अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार दोपहर टीम ने अभियान चलाते हुए जगह-जगह सड़क पर रखी निर्माण सामग्री को जब्त किया। इस दौरान कई लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध भी किया।
नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी के नेतृत्व में अभियान की शुरूआत की गई। टीम ने नजीबाबाद रोड, देवी रोड, बालासौड़ क्षेत्र में सड़क पर रखी रेत, बजरी सहित अन्य निर्माण सामग्री को जब्त किया। नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले कुछ समय से शहर की सड़कों पर निर्माण सामग्री रखे जाने की शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद कार्रवाई के लिए निगम की विशेष टीम गठित की गई। बताया कि टीम ने सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वाले लोगों को चेतावनी भी दी। वहीं, निर्माण कार्य के लिए सड़क पर सामग्री रखने वाले लोगों ने निगम की कार्यप्रणाली का विरोध किया। कहा कि कई लोगों के घरों को जाने वाली गली काफी संकरी है। जिसके कारण निर्माण सामग्री को एक बार में निर्माण स्थल पर पहुंचाना संभव नहीं है। ऐसे में सड़क किनारे सामग्री को एकत्रित करना उनकी मजबूरी है। लेकिन, निगम की संख्ती के आगे उनकी एक भी न चल सकी।