रुद्रपुर। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम में लंबे समय से संविदा और दैनिक वेतन पर कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शासन की नियमावली का हवाला देते हुए दैनिक वेतनभोगी, संविदा, कार्यप्रभारित, नियत वेतन और अंशकालिक कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग उठाई। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि शहरी विकास निदेशालय उत्तराखंड द्वारा 17 फरवरी 2026 को जारी आदेश के तहत चयन समिति के माध्यम से लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमितीकरण की कार्रवाई की जानी थी, लेकिन नगर निगम रुद्रपुर में अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। कई कर्मचारी दस वर्ष से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं, फिर भी उनका स्थायीकरण लंबित है। मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि मामले में नियमानुसार जल्द कार्रवाई की जाएगी। यहां शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, उपाध्यक्ष सुनील कुमार समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।