अतिक्रमण पर निगम की सख्ती, काटे चालान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में अतिक्रमण की समस्या लगातार नासूर बनती जा रही है। अतिक्रमण के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में नगर निगम की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। जगह-जगह बेतरतीब तरीके से खड़ी रेहड़ी-ठेलियों को जब्त करते हुए अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों के चालान भी काटे गए।
बाजार में शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जहां अतिक्रमण न दिखाई दें। अतिक्रमण से संकरी हो चुकी सड़कों पर हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पिछले कई माह से स्थानीय जनता लगातार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठा रही है। ऐसे में हरकत में आए नगर निगम ने बदरीनाथ मार्ग, गोखले मार्ग, नजीबाबाद रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की टीम को देखते ही रेहड़ी-ठेली व फड़ वालों में अफरा-तफरी मच गई। वह रेहड़ी-ठेली लेकर गलियों में भागने लगे। नगर निगम ने सड़क पर सफेद पट्टी के बाहर खड़ी रेहड़ी ठेलियों को ट्रैक्टर में लादकर जब्त किया। इस दौरान सड़क पर रखा व्यापारियों के सामान को भी टीम नगर निगम लेकर पहुंची। सफाई निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर नगर निगम गंभीरता से कार्य कर रहा है। इसके लिए बकायदा निगम की टीम भी गठित की गई है। बताया कि अभियान के दौरान व्यापारियों व रेहड़ी-ठेली वालों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *