शुल्क के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा निगम

Spread the love

प्रदेश व्यापार मंडल ने दी नगर निगम के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। व्यापारियों ने नगर निगम पर व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क के नाम पर उनका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। कहा कि कोरोना के कारण पहले ही व्यापारी पूरी तरह चौपट पड़ा हुआ है। ऐसे में नगर निगम उन्हें लाइसेंस शुल्क जमा करने का नोटिस थमा रहा है। निगम की इस कार्यप्रणाली से खफा प्रदेश व्यापार मंडल उत्तराखंड ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोरोना संक्रमण को लेकर लगाए गए लॉकडाउन के बाद से व्यापारी पूरी तरह ठंडा पड़ा हुआ है। छोटे व्यापारियों को अपनी दुकान का किराया, बिजली बिल सहित अन्य भुगतान करना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में अब नगर निगम कोटद्वार की ओर से व्यापारियों को व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क जमा करने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है। प्रदेश व्यापार मंडल उत्तराखंड के सदस्यों ने कहा कि एक ओर केंद्र व प्रदेश सरकार व्यापारियों को राहत देने की बात कह रही है वहीं, कोटद्वार नगर निगम व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। लॉकडाउन के बाद से व्यापारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में अब दोबारा कोरोना की तीसरी लहर ने भी व्यापारियों की चिंता को बढ़ा दिया है। जबकि, कोटद्वार शहर में कोरोना के छह संक्रमित भी पाए गए हैं। कोरोना की बिगड़ रही स्थिति को देख व्यापारियों को दोबारा लॉकडाउन का डर सताने लगा है। कहा कि यदि नगर निगम व्यापारियों को लाइसेंस सहित अन्य शुल्क जमा करने के लिए परेशान करता है तो प्रदेश व्यापार मंडल उत्तराखंड की ओर से बाजार बंद का एलान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *