भाबर वासियों ने महापौर शैलेंद्र सिंह रावत को दिया पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : घमंडपुर क्षेत्र के पार्षद व अन्य लोगों ने भाबर क्षेत्र में नगर निगम का मिनी कार्यालय खोलने की मांग की है। कहा कि जनता के हित को देखते हुए भाबर में मिनी कार्यालय खोला जाना चाहिए। इससे लोगों को कोटद्वार बाजार स्थित नगर निगम के मुख्य कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। साथ ही जनता की समस्याओं का भी समय पर निराकरण होगा।
समस्या के संबंध में पार्षद अमित नेगी व अन्य लोगों ने महापौर शैलेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन दिया। बताया कि वर्ष 2018 में नगर निगम का गठन करते हुए भाबर क्षेत्र को भी इसमे शामिल किया गया था। बताया कि वर्तमान में कोटद्वार बाजार से अधिक जनसंख्या भाबर क्षेत्र में रहती है। और क्षेत्रफल की दृष्टि से भी भाबर क्षेत्र काफी बड़ा है। ऐसे में वर्तमान में यहां नगर निगम की एक मिनी ब्रांच खोलने की आवश्यकता है। कहा कि इससे भाबर क्षेत्र के लोगों को कई किलोमीटर दूर कोटद्वार बाजार क्षेत्र के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। भाबर में ही उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण हो जाएगा। इससे भाबर क्षेत्र के निंबूचौड़, घमंडपुर, दुर्गापुर, शिवराजपुर, नंदपुर, उमरावनगर, मोटाढांक, किशनपुरी, सहित अन्य वार्ड के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।