जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व में हुई बोर्ड बैठक के प्रस्ताव में इस बार की बोर्ड बैठक में चर्चा नहीं होने से आक्रोशित पार्षद सूरज प्रसाद कांति का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। पार्षद ने नगर निगम व महापौर पर जनता गुमराह करने का आरोप लगाया है। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को पार्षद ने नगर निगम परिसर के बाहर बैठक धरना दिया। कहा कि अप्रैल माह में नगर निगम की प्रथम बोर्ड बैठक हुई थी, जिसमें शहर के विकास को लेकर कई मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। बताया कि गुरुवार को नगर निगम में हुई बोर्ड बैठक में जब पूर्व के बिंदुओं पर कार्य के बारे में पूछा गया तो निगम अधिकारी व महापौर गोलमोल जवाब देने लगे। बताया कि पूर्व में पारित हुए प्रस्तावों पर गुरूवार को हुई बैठक में चर्चा होनी चाहिए थी। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। कहा कि इस तरह का व्यवहार नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। जनता व पार्षदों को केवल विकास के झूठे सपने दिखाना ठीक नहीं है। ऐसे में शहर के विकास को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कहा कि जब तक उन्हें पूर्व में प्रस्तावित बिंदुओं पर जवाब नहीं मिल जाता, उनका धरना जारी रहेगा। साथ ही वह आंदोलन को भी तेज करेंगे।