गुरुवार को नगर निगम में आयोजित की गई बोर्ड बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुरुवार को नगर निगम सभागार में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें पार्षदों ने विभागीय अधिकारियों को जन समस्याओं से अवगत करवाया। इस दौरान जल्द समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया।
महापौर शैलेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग उठाई। कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। नगर निगम के हर वार्ड से समय पर कूड़ा उठाया जाएं। पार्षदों ने सड़क किनारे जर्जर हाल में खड़े विद्युत पोल की शिकायत रखी। कहा कि इन विद्युत पोलों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बैठक में पार्षदों ने शहर में लगातार बढ़ रही आवारा गोवंश की समस्या भी रखी। कहा कि गोवंश संरक्षण के लिए गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए। कुछ माह पूर्व घर-घर 24 घंटे जल उपलब्ध करवाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर भी पार्षदों ने रोष जताया। कहा कि इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। बोर्ड बैठक में स्टेशन रोड का नाम महाराजा अग्रसेन मार्ग रखने, वार्ड संख्या 29 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. गोपाल नारायण गौड़ के नाम पर स्मृति द्वार बोर्ड बनाने, वर्षाकाल में जल भराव से बचाने के लिए नाला गैंग रखने संबंधित प्रस्ताव भी पारित हुए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1.37 अरब का बजट किया प्रस्तुत किया गया। महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को बोर्ड बैठक में उठाई गई समस्याओं के निराकरण के सख्त निर्देश दिए। कहा कि एक समय अवधि पर सभी समस्याओं का निराकरण किया जाए।