देहरादून। मकान बेचने का झांसा दे जालसाज दंपति ने 11.50 लाख रुपये हड़प लिए। बाद में पता चला कि आरोपियों ने वह मकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि डीएल रोड निवासी घनश्याम सहानी ने तहरीर दी। उन्होंने 12 नवंबर 2021 को हरिकिशन कोठियाल और उनकी पत्नी संगीता कोठियाल निवासी अजबपुर के मकान का सौदा 50 लाख रुपये में तय किया था। बयाने के तौर पर उन्होंने चार लाख रुपये दिए। साथ ही प्रॉपर्टी डीलर सतीश कपूर के नाम पर भी एक लाख रुपये का चेक दिया। दोनों पक्षों में एग्रीमेंट हुआ और रजिस्ट्री के लिए 10 जून 2022 की तारीख तय की गई। आरोप है कि इसके बाद हरिकिशन कोठियाल ने निजी समस्याओं का हवाला देकर किश्तों में और रकम मांगनी शुरू कर दी। पीड़ित ने भरोसा कर चेक, नकद और गूगल-पे के माध्यम से कुल 11 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए। पीड़ित के अनुसार यह सारा लेन-देन प्रॉपर्टी डीलर सतीश कपूर और सागर थापा की मौजूदगी में हुआ था। जब रजिस्ट्री का समय आया तो आरोपी हरिकिशन कभी पत्नी के बीमार होने तो कभी उनके कर्णप्रयाग में ट्रांसफर होने और छुट्टी न मिलने का बहाना बनाने लगा। इसी बीच पीड़ित को पता चला कि दंपति ने साजिशन वह संपत्ति किसी अन्य को बेच दी है। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित घनश्याम सहानी की तहरीर के आधार पर आरोपी संगीता कोठियाल और हरिकिशन कोठियाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। शिकायत के साथ दिए गए साक्ष्यों की जांच की जा रही है।