जोधपुर , जिले के मोगड़ा कला गांव में चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने घर में घुसकर सरिए से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोगड़ा कला निवासी अशोक जाट के रूप में हुई है। वहीं आरोपी वेनाराम उर्फ खंगाराराम जाट वारदात के बाद फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी मृतक के घर में वेल्डिंग और छपरा बनाने का काम कर रहा था।
शनिवार शाम अशोक अपने मकान में चाय पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर वेनाराम ने पास रखा सरिया उठाया और अशोक के सिर पर कई वार कर दिए। हमले से अशोक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।
चीख-पुकार सुनकर अशोक की पत्नी और बच्चे बाहर आए तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। उन्होंने तुरंत खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई।
परिजन घायल अशोक को बासनी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को एम्स मोर्चरी में रखवाया गया है।
सूचना पर एसीपी आनंदसिंह राजपुरोहित और विवेक विहार थानाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।