कोविड ने छीने पिता, अभिनव बने अधिकारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वर्ष 2020 में पिता की मौत के बाद परिवार का सहारा बने जौनपुर निवासी अभिनव जोशी का चयन भारतीय वायु सेना में अधिकारी के पद पर हुआ है। परिवार की आर्थिकी चलाने के लिए अभिनव ट्यूशन पढ़ाते थे।
जौनपुर निवासी अभिनव जोशी के पिता सुरेश चंद्र जोशी आमपड़ाव में पान की दुकान चलाते थे। वर्ष 2020 में पिता की कोरोना से मौत हो गई थी। इस मुश्किल समय में अभिनव अपनी मां अनुसूया जोशी व छोटे भाई तुषार जोशी का सहारा बने और ट्यूशन पढ़ा कर परिवार की आर्थिकी को संभालना शुरू किया। अभिनव ने अपनी शुरूआती पढ़ाई शांतिबल्लभ मैमोरियल इंटर कालेज मानपुर से की। उन्होंने इंटर व हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षाओं में भी अव्वल स्थान प्राप्त किया था। स्नातक की पढ़ाई उन्होंने राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार से की। उन्होंने एनसीसी का सर्वश्रेष्ठ कैडेट का पदक भी हासिल किया। यही नहीं, उन्होंने वर्ष 2020 में दिल्ली में हुई गणतंत्र दिवस की परेड में भी प्रतिभाग किया था। प्रधानाचार्य वरुण कुमार भदोला ने बताया कि अभिनव बचपन से ही भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना देखते थे। हर मुसीबत में उनकी निगाहें अपने लक्ष्य पर ही टिकी हुई थी। बताया कि अभिनव का छोटा भाई तुषार जोशी भी गुरुग्राम के ओबराय होटल में शेफ के पद पर कार्यरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *