कुंभ में कोविड जांच घोटाले की हो सीबीआई जांच: कांग्रेस

Spread the love

पिथौरागढ़। कांग्रेस ने हरिद्वार कुंभ में हुए कोविड जांच घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग पर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। कहा सरकार ने फर्जी लैबों से अनुबंध किया। जिसके बाद फर्जी कोविड जांच कर लैबों ने लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया है। फर्जी रिपोर्ट जारी करने वाली लैबों को लाखों बांट दिए। कहा भाजपा सरकार की शह पर ही कोविड जांच का इतना बड़ा काला खेल खेला गया, जिसकी सीबीआई जांच जरूरी है। शुक्रवार को युकां जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। महर ने कहा भाजपा सरकार के गैर जिम्मेदाराना रवैये के चलते कुंभ में फर्जी कोविड जांच का काला खेल खेला गया। न्यायालय की फटकार के बाद हुई जांच में यह साफ हो गया कि सरकार ने फर्जी लैबों से अनुबंध किया था। इन फर्जी लैबों को लाखों का भुगतान कर दिया गया। सरकार ने यह जानने की कोशिश नहीं की कि ये लैब किस तरह लोगों की कोविड जांच कर रही हैं। लैबों ने फर्जी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश व देश के लोगों का जीवन संकट में डाला, जिनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार ने भी कोविड जांच के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट की है। कहा इन हालातों में कांग्रेस को प्रदेश सरकार पर भरोसा नहीं है। इस फर्जीवाड़े की तह तक जाने व दोषियों को सजा देने के लिए इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। कहा सीबीआई जांच के आदेश जारी नहीं हुए तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर करन सिंह, प्रकाश देवली, शिवम पंत, दीपक सौन सहित कई लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *