राजनीति की पिच पर क्रिकेटर हरभजन सिंह शुरू कर सकते हैं नई पारी, सिद्घू के ट्वीट से चर्चाएं शुरू

Spread the love

जालंधर। क्रिकेटर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी सियासी पिच पर अपनी नई पारी खेलने की कवायद कर सकते हैं। भज्जी को अपने साथ जोड़ने को लेकर सभी सियासी दलों की नजरें उनके ऊपर टिकी हैं। अभी तक भज्जी ने पत्ते नहीं खोले हैं। बुधवार को पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्घू ने इंटरनेट मीडिया पर भज्जी के साथ पासिबिलिटीज़.द न्यू शाइनिंग स्टार कमेंट लिखकर फोटो शेयर की है। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि भज्जी कांग्रेस ज्वाइन कर सकते हैं, लेकिन देर शाम भज्जी के पारिवारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है कि फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है, लेकिन सिद्घू के साथ चंडीगढ में मुलाकात हुई थी।
भज्जी का क्रिकेट करियर अब ज्यादा लंबा नहीं बचा है। यही वजह है कि भज्जी ने नई संभावनाओं को तलाशना भी शुरू कर दिया है। कुछ समय पहले उन्होंने अपना स्पोर्टस का नया ब्रांड भज्जी भी लांच किया था। इसके अलावा छोटे व बडे पर्दे पर भी भज्जी विभिन्न किरदारों में दिखाई दे चुके हैं और दिखाई देने की तैयारी कर रहे हैं। भज्जी के पास साउथ की भी एक फिल्म का आफर है। उसमें भज्जी किस रोल में काम कर रहे हैं इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हो सकी है।
भज्जी के साथ बैठक को लेकर सिद्घू की तरफ कई बार संदेश आ रहे थे। बुधवार को दोनों की चंडीगढ़ में मुलाकात के बाद भज्जी की कांग्रेस में ज्वाइन करने की संभावनाओं को लेकर सियासी जगत में चर्चाएं छिड़ गई हैं। सिद्घू ने उनके ज्वाइन करने को लेकर कोई कमेंट नहीं किया है, लेकिन नई संभावनाओं को जन्म देने वाला कमेंट जरूर दिया है। सिद्घू अपने स्तर अपने खेमे को मजबूत करने के लिए क्रिकेट के सितारों को विधानसभा चुनाव के सियासी मैदान में उतारने की कवायद काफी समय से कर रहे हैं। उन्होंने युवराज सिंह को भी कांग्रेस ज्वाइन करवाने की कवायद की है।
सियासी पिच पर नई पारी को लेकर भज्जी की भारतीय जनता पार्टी में भी जाने की संभावनाओं पर एक टीम काम कर रही है। दो महीनों से तीन सदस्यीय टीम की कई बार भज्जी के करीबियों के साथ बैठकें भी हो चुकी हैं। भज्जी को भाजपा किसी अच्टे मौके पर सियासत में लांच करने की तैयारी में है, लेकिन अभी तक भज्जी की बातचीत भाजपा के साथ फाइनल नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *