अपराधियों पर हल्की धारा लगाने का आरोप

Spread the love

बागेश्वर। गांव के ही आरपीएफ जवान सहित तीन लोगों पर मारपीट करने के आरोपियों में हल्की धारा लगाकर छोड़ने का आरोप लगाते हुए मटेना के ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। इसके साथ ही पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर हमलावरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने तथा गांव में गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीण मंगलवार को एसडीएम जितेंद्र वर्मा से मिले। उन्हें शिकायती पत्र सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों का कहना है कि दस मई की रात करीब एक बजे जिमखोला व बंड गांव के युवकों ने उनके गांव के आरपीएफ जवान गोविंद बल्लभ बड़सीला, संजय पांडे, दीप चंद्र कांडपाल के साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। इस हमले में गंभीर रूप से घायल जवान का हल्द्वानी उपचार चल रहा है। वह आईसीयू में भर्ती है। इस मामले में पुलिस ने आरापियों को हल्की धारा लगाकर छोड़ दिया। इसके बाद भी उनके हौसले बुलंद है। उन्होंने रविवार की रात फिर से मटेना की सड़क पर हंगामा किया। उन्होंने थानाध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए। भविष्य में यदि कभी भी मटेना गांव में इस तरह की वारदात होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। उन्होंने एसडीएम से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मांग करने वालों में प्रशासक समेत हेम खोलिया, संजय पांडे, अनिल पांडे, सुनील, नारायण दत्त खोलिया आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *