बागेश्वर। शनिवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद रविवार को मौसम ने अचानक विकराल रूप ले लिया। तेज आकाशीय बिजली और हवाओं के बीच कपकोट के ग्रामीण इलाकों में जमकर ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में खड़ी रबी की फसलें गिर गईं और भारी नुकसान की आशंका है। ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर गेहूं, सरसों, जौ और मसूर की फसलों पर पड़ा है। इसके अलावा हरी सब्जियां, लहसुन और प्याज भी प्रभावित हुए हैं। आम के पेड़ों में आए बौर झड़ने से फल उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से ठंड फिर बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के बदले मिजाज से जनजीवन के साथ कृषि कार्य भी प्रभावित हुए हैं। स्थानीय किसान दीपक गड़िया ने बताया कि ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उद्यान विभाग की ओर से दी गई सब्जी उत्पादन संरचनाओं के भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी।