हरिद्वार()। शहर में गैस एजेंसियों पर सिलेंडर बुकिंग के लिए लोगों की भीड़ जमा हो रही है। सुबह सात बजे से एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइनों लग रही हैं। गैस एजेंसियों पर गैस सप्लाई और बुकिंग का बुरा हाल है। परेशान लोग गैस एजेंसियों के बाहर खड़े हो रहे हैं। एजेंसी संचालक गेट बंद कर अंदर बैठ रहे है। लोगों को एजेंसियों पर उचित जवाब नहीं मिल रहा है। गुरुवार को आईओसी, बीपीसीएल और एचपी की गैस एजेंसियों पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की लाइनें लगी रही। पूर्वाह्न 11 बजे कनखल की पुष्पक गैस एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं बुकिंग कराने के लिए खड़ी नजर आईं। एजेंसी प्रबंधक ने गेट बंद किया हुआ था। कोई भी व्यक्ति एजेंसी के भीतर प्रवेश नहीं कर सका। परिचितों के लिए गेट खोला जा रहा था। गेट पर खड़ा व्यक्ति बाहर खड़ी महिलाओं को धमकाता नजर आया। यहां महिलाओं को सिलेंडर बुकिंग और सप्लाई की जानकारी नहीं मिली। लोग घंटों तेज धूप में एजेंसी के बाहर गेट खुलने की प्रतीक्षा करते रहे। लोगों की सुनवाई नहीं हुई। यहां कोई पुलिस कर्मी तैनात नहीं किया गया है। वहीं, दोपहर 12 बजे शंकर आश्रम सिद्धि विनायक एजेंसी पर लोगों की बड़ी भीड़ नजर आई। यहां भी लोगों को एजेंसी के भीतर प्रवेश करने नहीं दिया गया। बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर मायूस खड़े दिखे। मौके पर कई लोग एजेंसी संचालक पर पक्षपात करने, बुकिंग और सिलेंडर की सप्लाई नहीं देने का आरोप लगाते दिखे। यहां भी बड़ी संख्या में महिलाएं परेशान होती रहीं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को बुकिंग और सिलेंडर सप्लाई नहीं हो सकी। भीड़ नियंत्रण के लिए एजेंसी पर पुलिस नजर नहीं आई।