बूढ़ी दीपावली पर खरीदारी को बाजार में उमड़ रही भीड़

Spread the love

विकासनगर()। जौनसार में 20 नवंबर से शुरू हो रही पांच दिवसीय बूढ़ी दीपावली के लिए गर्म कपड़े समेत अन्य सामान की खरीदारी करने के लिए साहिया बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। खरीदारों की भीड़ देख व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। त्योहार मनाने के लिए बाहर रहने वाले परिवार अपने गांव लौट रहे हैं। कमाई के लिए व्यापारियों ने गर्म कपड़ों की फेरी लगाई है। किफायती रेट पर नए डिजाइन के जैकेट, पैंट व अन्य कपड़े मिलने के कारण लोग दुकानों के बजाय फेरीवालों को तरजीह दे रहे हैं। इसके अलावा मिठाई और अन्य सामान की बिक्री भी हो रही है। चकराता, साहिया, क्वांसी, लाखामंडल के बाजार में इन दिनों रौनक नजर आ रही है। वहीं, मार्गों पर चलने वाले छोटे वाहन भी इन दिनों कम पड़ रहे हैं। इस कारण पर्व मनाने को पैतृक गांव लौटने पर अधिकांश रूट पर ओवरलोड वाहन दिखाई दे रहे हैं। —– पंचायती आंगन में दिखेगी लोक संस्कृति की छटा 20 नवंबर से जौनसार के करीब 200 गांवों में पांच दिवसीय बूढ़ी दीपावली के पहले दिन सुबह हर गांव में लोग अपने ईष्ट देवों के मंदिर में जाकर दर्शन करेंगे। पंचायती आंगनों में लोक संस्कृति की अनूठी छटा बिखरेगी। कालसी ब्लॉक के साहिया, कोठा तारली, पजिटीलानी, उत्पाल्टा, बोहा, सलगा, उभरेऊ, मसराड़, टुंगरा, ठाणा, रिखाड़, कोरुवा, कोटा, डिमऊ, लेल्टा, कोटी, सिमोग, मंगरौली, हयो टगरी, शिबऊ, कोफ्टी के अलावा चकराता ब्लॉक के लोहारी, जाड़ी, भंगार समेत अन्य गांवों में बूढ़ी दीपावली का जश्न मनाया जाएगा। पर्व को देखते हुए बाजार में जमकर खरीददारी को ग्रामीण उमड़ रहे हैं। बूढ़ी दीपावली मनाने के लिए विवाहिताएं भी अपने मायके पहुंचने लगी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *