जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नव वर्ष के प्रथम दिन श्री सिद्धबली दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई थी। भक्तों ने घंटों लाइन में खड़े रहकर बाबा के दर्शन कर अपने परिवार के लिए सुख शांति की कामना की। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस व मंदिर समिति के सदस्य तैनात रहे।
गुरुवार को सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। बिजनौर, नजीबाबाद, धामपुर सहित कोटद्वार, गढ़वाल से हजारों की संख्या में श्रद्धालु सिद्धबली मंदिर पहुंचे। दस बजे के बाद अचानक इतनी भीड़ बढ़ गई कि बाबा के दरवार से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल के समीप तक लाइन लगानी पड़ी। श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से बजरंग बली के दर्शन कर अपने परिवारों की सुख समृद्धि व धन धान्य की कामना को लेकर प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति व पुलिस प्रशासन की व्यवस्था चाक चौंबध रही। श्रद्धालु लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतार करते हुए देखे गए। उधर, श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में भंडारे का भी आयोजन किया गया।