शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दिन भर चला अभिषेक और पूजन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव के पूजन के लिए शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भोलेबाबा की विशेष-पूजा अर्चना की। शिवजी का अभिषेक करने श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे थे। भक्तों ने भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, फूल आदि अर्पित किए। दुग्धाभिषेक भी किया।
सावन के पहले सोमवार को विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। बारिश के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई और सुबह से शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा। सोमवार से सावन का पर्व शुरू हो गया। सावन के पहले सोमवार को शहर के क्यूंकालेश्वर, लक्ष्मीनारायण मंदिर के साथ ही गगवाडस्यूं घाटी के प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर, कल्जीखाल के थानेश्वर मंदिर में बारिश के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने शिवालय में जलाभिषेक कर सुख और शांति की कामना मांगी।

शिव मंदिरों में भक्तों ने किए भजन-कीर्तन
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : सावन के पहले सोमवार को नगर पंचायत सतपुली के शिवालयों में शिव भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिर में पूजन-अर्चना और दर्शनों के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा है। यहां पर श्रद्धालुओं ने शिवजी का अभिषेक कर विशेष पूजा अर्चना की।
क्षेत्र के दंगलेश्वर महादेव, नौगांव कमन्दा, एकेश्वर महादेव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। दंगलेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने पास ही बह रही मधुगंगा में स्नान ध्यान कर पौराणिक सिद्ध शिला पर जलाभिषेक किया। इस अवसर पर मंदिर में पंडित व पुरोहित हवन-यज्ञ करते दिखाई दिए। वहीं महिलाओं ने भजन-कीर्तन में बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *