बाबा के दर पर भक्तों की भीड़, राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा जाम

Spread the love

रविवार को सिद्धबाबा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: गढ़वाल के प्रवेश द्वार श्री सिद्धबली बाबा मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धलुओं ने बाबा के दर्शन कर अपने परिवार के लिए सुख-शांति की कामना की। इस दौरान कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य सिद्धबली के समीप राष्ट्रीय राजार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। पुलिस की टीम लगातार जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही।
प्रतिदिन सिद्धबाबा के दर्शन को हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रविवार अवकाश का दिन होने के कारण यहां सबसे अधिक भीड़ उमड़ी रहती है। सुबह से अपने परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दर शीश नवाया। भक्तों में सबसे अधिक संख्या पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के श्रद्धालुओं की थी। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से पहुंचे संजय अग्रवाल ने बताया कि उनके परिवार की सिद्धबली बाबा से बड़ी आस्था है। अपने घर में कोई भी शुभ कार्य होने से पूर्व वह बाबा के दर्शन को अवश्य पहुंचते हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में पुलिस कर्मियों की भी तैनात की गई थी। फलाहारी बाबा मंदिर परिसर में वाहन पार्किंग फुल होने के बाद वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़ा करवाना पड़ा। ऐसे में पूरे दिन राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति देखने को मिली। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *