हरिद्वार। महाशिवरात्रि पर्व नजदीक आते ही शारदीय कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। धर्मनगरी हरिद्वार में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों से कांवड़ में गंगाजल भरकर गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। महाशिवरात्रि तक लाखों शिवभक्तों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इससे मेला क्षेत्र में रौनक और आस्था का माहौल गहराता जा रहा है। अगले तीन दिन हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की भीड़ रहेगी।। कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मेला क्षेत्र को जोन और सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, वहीं यातायात संचालन के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। हरकी पैड़ी, प्रमुख घाटों और बाजारों में चौकसी बढ़ाई गई है तथा भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में चारों ओर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा है। शारदीय कांवड़ यात्रा में इस बार भी पैदल कांवड़ियों की संख्या अधिक देखी जा रही है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र से भी श्रद्धालु गंगाजल लेने आ रहे हैं। कांवड़िये कई दिनों तक पैदल यात्रा कर महाशिवरात्रि के अवसर पर अपने क्षेत्र के शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। धर्मनगरी में बढ़ती भीड़ के साथ आस्था और उत्साह का रंग और गहरा होता जा रहा है।