ऋषिकेश। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में नीलकंठ धाम में शुक्रवार को भी भोलेभक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। करीब दो लाख शिवभक्तों ने नीलकंठ महादेव के दर्शन कर गंगाजल से अभिषेक किया। पुण्य लाभ अर्जित करते हुए उन्होंने परिवार व देश-दुनिया में सुख-समृद्धि की कामना भी की। शुक्रवार को ब्रह्ममुहूर्त से ही कांवड़ियों को नीलकंठ धाम में जलाभिषेक के लिए तांता लगना शुरू हो गया था। लंबी-लंबी कतारों में लगकर कांवड़ियों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पैदल मार्ग पर यात्रा शुरू करने से पहले शिवभक्तों को सिर झुकार महादेव का प्रमाण कर यात्रा शुरू की। स्वर्गाश्रम से लेकर नीलकंठ तक दिनभर शिवभक्तों का धाम तक आना-जाना लगा रहा। बोल बम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी तैनात दिखे। पैदल मार्ग पर वन्यजीवों से सुरक्षा को राजाजी पार्क के वनकर्मियों की टीम भी गश्त करती नजर आई। एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि यात्रा के शुभारंभ के साथ ही अभीतक आठ लाख से ज्यादा कांवड़िये नीलकंठ शिव मंदिर पहुंच चुके हैं। 27 जुलाई के बाद से कांवड़ियों की भीड़ अत्याधिक बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते सुरक्षा व यातायात को दुरूस्त रखने के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।