जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली के बाद मैदान की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। सोमवार को भी रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी। ऐसे में रूटों पर अतिरिक्ति बसों का संचालन किया गया।
मालूम हो कि दीपावली पर्व के चलते बड़ी संख्या में प्रवासी अपने गांव पहुंचे थे। दीपावली व भाई दूज मनाने के बाद प्रवासी अपने गंतव्यों को वापस लौटने लगे हैं। रविवार के बाद सोमवार को भी यात्रियों के लौटने का सिलसिला जारी रहा। यही कारण था कि बस अड्डे पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ लगी हुई थी। बस अड्डे पर दिल्ली रूट की बस के पहुंचते ही सवारियां बस की ओर दौड़ती नजर आई। कई यात्री खिड़की से ही सामान फेंक सीट पर कब्जाने का प्रयास करते हुए नजर आए। पहाड़ से आने वाले अधिकांश वाहन यात्रियों से भरे हुए थे। देहरादून रूट पर बसों के साथ ही मैक्स वाहनों का समय-समय पर संचालन हो रहा था, जिससे यात्रियों को परेशानी नहीं हुई। लेकिन, दिल्ली, गुरुग्राम सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों का दबाव रोडवेज पर ही टिका हुआ था। वहीं, रविवार रात कोटद्वार से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली ट्रेन में भी अन्य दिनों को मुकाबले अधिक भीड़ दिखाई दी।