ऋषिकेश(। होली के बाद गुरुवार को सरकारी अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ जुटी। इनमें कई मरीज रंगों की वजह से स्कीन और आंख से संबंधित दिक्कत की शिकायत भी लेकर पहुंचे। फिजिशियन और नेत्र रोग विशेषज्ञ ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां भी दीं। गुरुवार सुबह आठ बजे जैसे ही सरकारी अस्पताल खुला तो ओपीडी में पंजीकरण के लिए ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र के मरीज उमड़ पड़े। दोपहर करीब 12 बजे तक पंजीकरण पर्ची बनाने के लिए मरीज और तीमारदार काउंटर पर कतारों में खड़े दिखे। दवा और शुल्क काउंटर भी इसी तरह की कतारें नजर आई। ओपीडी में फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीज बारी का इंतजार में बैठे दिखे, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर भी भीड़ लगी रही। ओपीडी में स्कीन और आंख की जलन की शिकायत लेकर आए मरीजों को उपचार संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं, खांसी-जुकाम और बुखार के मरीज भी अच्छी-खासी तादाद में नजर आए। बदलते मौसम की वजह से इस तरह के मर्ज की चपेट में आए मरीजों को फिजिशियन ने सेहत की प्रति आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। फिजिशियन डॉ. अमित रौतेला ने बताया कि प्रतिदिन 100 से ज्यादा मरीज उनके पास हाल के दिनों में पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश मौसम में बदलाव की वजह से बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, सीएमएस डॉ. आनंद राणा ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के लिए चिकित्सकों के साथ ही पर्याप्त दवा उपलब्ध हैं। मालूम हो कि, सरकारी अस्पताल की औसतन ओपीडी 400 मरीजों की है।