श्री रामनवमी पर मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों की भीड़

Spread the love

रुड़की। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, गंगा घाट पर गुरुवार को श्री रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रहा और दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः काल माता दुर्गा के विशेष पूजन के साथ हुआ। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक माता को स्नान कराया, जिसके उपरांत विश्व शांति और लोक कल्याण के लिए भव्य यज्ञ का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। भगवान के बाल स्वरूप का दूध, दही, शहद और घी से पंचामृत स्नान कराया गया। स्नान के पश्चात प्रभु का मनमोहक श्रृंगार किया गया और भव्य आरती उतारी गई। इसके बाद मंदिर परिसर से एक भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम का दरबार और बाल रूप में प्रभु की मनमोहक झांकियां बनी रही। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर सिविल लाइंस, रुड़की टॉकीज, प्रेम मंदिर, अनाज मंडी और पुरानी तहसील से होते हुए दोबारा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पर संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल उपस्थित रहे। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुभाष सरीन, प्रमोद जौहर, पंडित राम गोपाल पाराशर, प्रदीप पृथी, राकेश खन्ना, विजय सेठी, चांदनी, दीक्षा, धारा, सरिता गोयल, नीता गोयल, अनीता, बाला रानी, मधु, सरल संयुक्त, सुमन, गीत, अशोक अरोड़ा, दमन सरीन, गगन सरीन, और अरविंद कश्यप सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *