राफ्टिंग का लुत्फ उठाने को जुटी पर्यटकों की भीड़

Spread the love

ऋषिकेश(। साहसिक पर्यटन का लुत्फ उठाने के लिए मुनिकीरेती और तपोवन में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ जुटी। उन्होंने शिवपुरी से लेकर खारास्रोत तक राफ्टिंग की, जिससे दिनभर गंगा रंग-बिरंगी राफ्टों से अटी दिखी। खतरनाक रैपिडों पर पर्यटकों के लिए राफ्टिंग का रोमांच दोगुना होता भी दिखा। शांत पहाड़ी घाटियों में राफ्टिंग के दौरान पर्यटकों का शोरगुल भी गूंजता रहा। रविवार को सुबह से ही दिल्ली, एनसीआर, यूपी और हरियाणा से राफ्टिंग के लिए पर्यटकों का तांता मुनिकीरेती में लगना शुरू हुआ। राफ्टिंग कंपनियों के कार्यालयों में बुकिंग के लिए सुबह से दोपहर तक पर्यटक जुटे दिखे। तपोवन में भी राफ्टिंग कंपनियों के दफ्तरों में यही स्थिति दिखी। सर्द मौसम होने के बावजूद पर्यटकों का साहसिक पर्यटन के प्रति खींचाव बना रहा। गंगा के ठंडे पानी में पर्यटकों ने दिनभर राफ्टिंग का लुत्फ उठाया। शिवपुरी से मुनिकीरेती में अंतिम पड़ाव खारास्रोत पर राफ्टों का आना लगा रहा। यहीं से कंपनियों के गाइड वाहनों से राफ्ट को लेकर शिवपुरी की दौड़ भी लगाते दिखे। साहासिक पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान ने बताया कि 27 सितंबर से दूसरे सत्र की राफ्टिंग की शुरूआत हुई थी, जिसके बाद 26 हजार से ज्यादा पर्यटक राफ्टिंग के लिए अभीतक आ चुके हैं। रविवार को भी 836 पर्यटकों ने राफ्टिंग की। बताया कि राफ्टिंग कंपनियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पर्यटकों को राफ्टिंग कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। निगरानी के लिए विभिन्न स्थानों पर विभागीय कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *