पर्यटकों की उमड़ी भीड़, जाम हुआ हाईवे

Spread the love

नव वर्ष पर पहाड़ जाने व आने वाले पर्यटकों की उमड़ी रही भीड़
शहर के साथ ही कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा जाम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नव वर्ष पर पहाड़ जाने व आने वाले पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। नतीजा कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। हालांकि, यातायात व्यवस्था सुधाने के लिए पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई थी। लेकिन, दोपहर तक जाम की स्थिति जस की तस बनी रही।
नववर्ष पर सैकड़ों पर्यटक पौड़ी जिले के लैंसडौन, चरेख, ताड़केश्वर सहित अन्य स्थानों पर घूमने के लिए पहुंचे हुए थे। 31 की रात नव वर्ष मनाने के बाद अधिकांश पर्यटक मैदान की ओर लौटने लगे थे। वहीं, कुछ पर्यटक नए साल की सुबह पहाड़ की ओर अपना रूख करते हुए भी नजर आए। जिसके कारण कोटद्वार- दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही कोटद्वार शहर की मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। सबसे बुरी स्थिति झंडाचौक से सिद्धबली तक बदरीनाथ मार्ग पर बनी हुई थी। पूरे दिन वाहन रेंग रेंगकर चलते हुए नजर आए। पुलिस ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस की अतिरिक्त टीमें गठित की गई थी। सिद्धबली आने वाले श्रद्धालुओं के चार पहिया वाहनों के लिए गिवईस्रोत डग के समीप पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई। यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे इसके शहर के बीच मार्गों से रेहड़ी-ठेलियों को भी हटा दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *